September 11, 2026 12:21 pm

खोंगापानी में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत, तीन बच्चों को युवक ने बचाया

अब्दुल सलाम क़ादरी। खोंगापानी नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे से मातम पसर गया। दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए 12 वर्षीय मासूम की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान तीन अन्य बच्चे भी डूबने लगे थे, जिन्हें मौके से गुजर रहे युवक साकिर अली ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। साकिर की तत्परता और साहस के चलते तीन मासूमों की जिंदगी बच सकी, लेकिन चौथे बच्चे को नहीं बचाया जा सका।

चीख-पुकार सुनकर तालाब में कूदे साकिर अली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह चार बच्चे तालाब में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय चारों बच्चे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गए और देखते ही देखते डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे स्थानीय युवक साकिर अली ने बिना समय गंवाए तालाब में छलांग लगा दी।

साकिर ने काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, चौथा बच्चा गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस तथा रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।

घंटों की मशक्कत के बाद मिला मासूम का शव

हादसे की सूचना मिलते ही खोंगापानी चौकी पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से तालाब के गहरे पानी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने मासूम का शव बरामद कर लिया।

मृतक की पहचान मोहम्मद जिकरान (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोहम्मद एजाज का पुत्र और वार्ड क्रमांक-03, खोंगापानी का निवासी बताया गया है।

परिवार में मचा कोहराम

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तालाबों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जहां बच्चों और स्थानीय लोगों का आवागमन रहता है, ऐसे जलस्रोतों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होना जरूरी है। लोगों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

एक ओर जहां मासूम की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया, वहीं साकिर अली की बहादुरी और तत्परता ने तीन बच्चों की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की है।

INA
Author: INA

विज्ञापन