- शहर की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाई आवाज, बंद स्ट्रीट लाइटें तत्काल चालू करने एवं आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने की मांग
मनेंद्रगढ़। शहर में नागरिक सुविधाओं की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने तथा सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर कंजी हाउस अथवा गौठान भेजने की मांग की है।
सौरव मिश्रा ने कहा कि नगर के अधिकांश वार्डों, मुख्य बाजार, खेड़िया तिराहा से पीडब्ल्यूडी चौक तक तथा अन्य प्रमुख मार्गों पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हुई हैं। इसके कारण शाम ढलते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय लोगों में भय का माहौल बना रहता है और अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। चोरी, लूट, दुर्घटनाओं एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की संभावना लगातार बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की गई है, लेकिन उनका समय पर रखरखाव एवं मरम्मत नहीं होने के कारण आम जनता को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए भी प्रशासन के समक्ष गुहार लगाने को मजबूर हैं।
सौरव मिश्रा ने नगर की दूसरी गंभीर समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में आवारा पशु दिन-रात विचरण कर रहे हैं। विशेष रूप से मुख्य बाजार, बस स्टैंड, खेड़िया तिराहा, पीडब्ल्यूडी चौक एवं अन्य व्यस्त मार्गों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग एवं पैदल चलने वाले नागरिक लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई बार वाहन चालकों को अचानक सामने आए पशुओं के कारण गंभीर चोटें भी आई हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि भी हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इसलिए नगर पालिका एवं संबंधित विभाग तत्काल विशेष अभियान चलाकर सभी आवारा पशुओं को पकड़कर कंजी हाउस अथवा गौठान में सुरक्षित भेजने की कार्रवाई करें।
ज्ञापन के माध्यम से सौरव मिश्रा ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि जनहित एवं नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर की सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए जाएं तथा आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी नगरवासियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर संघर्ष करती रहेगी। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस जनभावनाओं के अनुरूप आगे कार्यवाही करेगी






















