March 11, 2026 9:02 pm

मानसून की डाइट में जरूर शामिल करें ये चीजें

मानसून का मौसम अपने साथ ठंडी हवा और चारों ओर की मनमोहक हरियाली लेकर आता है, जो गर्मी से एक सुखद राहत दिलाती है। लेकिन, इस खूबसूरत मौसम का एक दूसरा पहलू भी है, यह अपने साथ बढ़ती नमी, बैक्टीरिया और विभिन्न संक्रमणों का खतरा भी लाता है। ऐसे में इन चुनौतियों से निपटने के लिए हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना बेहद जरूरी हो जाता है। ऐसे में इस दौरान सही आहार लेना बहुत जरूरी है, जो न केवल हमें स्वस्थ रखता है, बल्कि मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी, खांसी, फ्लू और पाचन संबंधी समस्याओं से भी बचाता है। हमारी रसोई में ही कई ऐसे सुपरफूड्स छिपे हैं जो हमें इस मौसम में फिट और ऊर्जावान बनाए रख सकते हैं। तो आप मानसून में अपनी डाइट में यदि ये चीजें शामिल करेंगे तो आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

गर्म सूप और हर्बल चाय

मानसून में गर्म सूप और हर्बल चाय शरीर को गर्म रखने और इम्यूनिटी बढ़ाने का शानदार तरीका हैं। टमाटर, मशरूम या मिक्स वेजिटेबल सूप विटामिन और खनिजों से भरपूर होता है, जो शरीर को ऊर्जा देता है। तुलसी, अदरक, या पुदीने की हर्बल चाय पीने से सर्दी-खांसी से बचाव होता है और गले की खराश में राहत मिलती है। ये पेय पाचन को बेहतर बनाते हैं और नमी के कारण होने वाले इंफेक्शन से बचाते हैं।

मौसमी फल

मानसून में ताजे और मौसमी फल जैसे जामुन, अनार, नाशपाती और सेब को अपने डाइट में शामिल करें। ये फल विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं। जामुन और अनार पाचन को बेहतर बनाते हैं और शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। खट्टे फल जैसे संतरा भी इस मौसम में लाभकारी होते हैं। फलों को अच्छे से धोकर खाएं, ताकि बैक्टीरिया या कीटाणुओं का खतरा न रहे।

अदरक और हल्दी

मानसून में अदरक और हल्दी को अपने आहार का हिस्सा बनाएं। अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो सर्दी-जुकाम और गले की खराश से बचाते हैं। इसे चाय, सूप या सब्जियों में डालकर खाएं। हल्दी में करक्यूमिन होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और इंफेक्शन से लडऩे में मदद करता है। इस मौसम में हल्दी वाला दूध पीना सेहत के लिए विशेष रूप से फायदेमंद हो सकता है।

प्रोबायोटिक्स युक्त खाद्य पदार्थ

मानसून में नमी के कारण पाचन संबंधी समस्याएं जैसे अपच और दस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में दही, छाछ और प्रोबायोटिक युक्त खाद्य पदार्थ आंतों को स्वस्थ रखते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत करने में मदद करते हैं। दही में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया आंतों में हानिकारक बैक्टीरिया को बढऩे से रोकते हैं। साथ ही, फर्मंटेड फूड्स जैसे इडली या ढोकला भी इस मौसम में फायदेमंद होते हैं।

NEWS AGENCY INA
Author: NEWS AGENCY INA

विज्ञापन