March 16, 2026 7:06 am

कन्हैरा गांव में 6 गायों की मौत : कांग्रेस ने सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप, गठित की जांच समिति

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला के कन्हैरा गांव में 6 गायों की मौत हो गई। गायों की मौत पर कांग्रेस ने 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू को संयोजक बनाया। पूर्व सांसद छाया वर्मा, पूर्व विधायक अनीता शर्मा समिति में सदस्य बनाए गए हैं। पूर्व जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उधोराम वर्मा भी सदस्य बने। 5 सदस्यीय समिति पूरे मामले की जांच करेगी।

6 गायों की संदिग्ध मौत 

उल्लेखनीय है कि, रायपुर से सटे कन्हैरा गांव में 6 गायों के शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। वेस्ट मटेरियल खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मौत कैसे हुई है, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं मामले में कांग्रेस ने सरकार को ही गायों की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि, सरकार की लापरवाही के चलते गायों की यह दुर्दशा हुई है।

कन्हैरा गांव में मिले शव 

दरअसल, यह पूरा मामला उरला थाना क्षेत्र के कन्हैरा गांव का है जहां पर 6 गायों के शव मिले। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में गौ सेवक, स्थानीय निवासी मौजूद रहे। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर बड़ी लापरवाही करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा कि, सरकार की लापरवाही से गायों की मौत हुई है, गौठान बंद करने से गायों को चारा पानी नहीं मिल पा रहा है।

कृषि मंत्री ने गौ- पालकों से किया अनुरोध 

मामले में कृषि मंत्री राम विचार नेताम का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा- गर्मी जैसे ही बढ़ती है, चारे की समस्या होती है। गौ- पालकों से अनुरोध है अपनी गायों को सुरक्षित रखें। पानी की समस्या अभी है। दूध देने वाले गाय के लिए गौ- शाला के लोग व्यवस्था करते हैं। बे-सहारा गायें भटकती रहती हैं। हमारी सरकार ने इस तरह की घुमंतू गायों को रखने के लिए योजना बनाई है। गौ- आभ्यारण्य के रूप में जो गाय भटकती है वहां उन्हें रखा जाएगा।

NEWS AGENCY INA
Author: NEWS AGENCY INA

विज्ञापन