May 15, 2026 12:45 pm

नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर देश ने दी श्रद्धांजलि, राहुल गांधी बोले –नेहरू जी ने रखी मजबूत भारत की नींव

पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की 61 पुण्यतिथि पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने श्रद्धांजलि अर्पित की. राहुल गांधी ने उन्हें याद करते हुए कहा कि नेहरू जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखी.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी 61वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन. उन्होंने कहा कि सशक्त और समावेशी भारत का सपना लिए नेहरू जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखी.

राहुल गांधी ने कहा कि, सामाजिक न्याय, आधुनिकता, शिक्षा, संविधान और लोकतंत्र की स्थापना में पंडित जवाहर लाल नेहरू का योगदान अमूल्य है. उन्होंने कहा कि हिंद के जवाहर की विरासत और उनके आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे.

कांग्रेस के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया गया कि जिनके विजन ने आधुनिक भारत को आकार दिया है हम उन प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि देते हैं. लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच के उनके आदर्श आज भी हमारे भविष्य का मार्गदर्शन करते हैं. उनकी बेजोड़ विरासत और नेतृत्व को भावभीनी श्रद्धांजलि. नेहरू जी की पुण्यतिथि पर CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी जी ने शांति वन में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंडित जवाहर लाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि. जवाहरलाल नेहरू एक प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी थे जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. 1947 में देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद वे भारत के पहले प्रधानमंत्री बने. 27 मई 1964 को दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई.

NEWS AGENCY INA
Author: NEWS AGENCY INA

विज्ञापन